नई दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में हुई एक जघन्य वारदात ने पूरे देश को झकझोर दिया है। एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या और यौन अपराध के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महज 12 घंटे के भीतर दो राज्यों में दो गंभीर अपराध किए।
अलवर से शुरू हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पहली वारदात राजस्थान के अलवर में की, जहां वह एक शादी में शामिल होने गया था। वहीं से लौटकर उसने अपने एक परिचित की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकी देकर फरार हो गया।
दिल्ली में दूसरी घटना
इसके बाद आरोपी बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचा और कैलाश हिल्स स्थित अपने पूर्व नियोक्ता के घर गया। उसे घर की बनावट और परिवार की दिनचर्या की जानकारी थी। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 6:49 बजे अतिरिक्त चाबी की मदद से घर में दाखिल हुआ और सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचा।
हत्या और अपराध की वारदात
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती पर हमला कर उसका गला दबाया और उसे अचेत कर दिया। इसके बाद उसने अपराध को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने शव को नीचे लाकर लॉकर खोलने की कोशिश की, और असफल रहने पर उसे तोड़कर नकदी व जेवर लेकर मौके से फरार हो गया।
अदालत में बदला रुख
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कोई पछतावा न दिखाने वाले आरोपी ने अदालत में पेशी के दौरान कहा, “मुझसे गलती हो गई।” अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है, और जांच जारी है।
पोस्टमार्टम में सामने आए तथ्य
एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के शरीर पर संघर्ष के कई निशान पाए गए हैं। हाथ-पैरों पर चोटें, नाक की हड्डी में फ्रैक्चर और गर्दन की मांसपेशियों को गंभीर क्षति मिली, जिससे गला दबाने की पुष्टि होती है।




