दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े अवैध दवा रैकेट का पर्दाफाश किया है। शाहदरा के खुरेजी इलाके में 20 अप्रैल को की गई छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 104 प्रकार की दवाएं और 23 एक्सपायर्ड दवाएं बरामद कीं। यह कार्रवाई औषधि निरीक्षकों की विशेष टीम द्वारा की गई।
जांच में सामने आया कि दुकान बिना वैध अनुमति के संचालित की जा रही थी। सहायक औषधि नियंत्रक (पूर्व) की निगरानी में टीम ने एक नकली ग्राहक भेजा, जिसने बिना डॉक्टर की पर्ची और बिना बिल के दवाइयां खरीदकर अवैध बिक्री की पुष्टि की।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बिना लाइसेंस दवाएं बेचने की बात स्वीकार की। वह दवाओं के भंडारण, बिक्री या वितरण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। अधिकारियों के अनुसार, इस दुकान का लाइसेंस पहले मौजूद था, लेकिन इसे सितंबर 2024 में रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए कारोबार जारी रखा गया।
फिलहाल, कुछ दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए हैं। इस मामले पर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार जन स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






