नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होंगे। वे दोपहर 2:30 बजे अदालत में अपना पक्ष रखेंगे। बताया जा रहा है कि उनके नए हलफनामे को रिकॉर्ड पर नहीं लिया गया है, जिसे शामिल कराने के लिए वे कोर्ट में दलील देंगे।
इससे पहले सोमवार को भी केजरीवाल ने शराब नीति मामले की सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखा था। हाई कोर्ट की न्यायाधीश स्वर्णकांता शर्मा के सामने सुनवाई के दौरान उन्होंने जज से खुद को मामले से अलग करने की अपील की थी। इस पर न्यायाधीश ने उनकी दलीलों की सराहना करते हुए कहा कि वे वकील बन सकते हैं, जिस पर केजरीवाल ने जवाब दिया कि वे अपने वर्तमान पेशे से संतुष्ट हैं।
सोमवार की सुनवाई दोपहर 2:30 बजे शुरू होकर शाम करीब 7 बजे तक चली। सभी पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया। यह पहला मौका नहीं है जब केजरीवाल ने खुद कोर्ट में बहस की हो।
वहीं, दिल्ली हाई कोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि शराब नीति मामले से जुड़ी कोर्ट कार्यवाही की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया से हटाया जाए। साथ ही, उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है जिन्होंने ये वीडियो साझा किए। कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अदालत की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग और उसे साझा करना नियमों के खिलाफ है।






