Home » ताजा खबर » जबलपुर क्रूज हादसा: CM मोहन यादव का कड़ा एक्शन, कई कर्मचारियों की सेवा समाप्त, एक निलंबित

जबलपुर क्रूज हादसा: CM मोहन यादव का कड़ा एक्शन, कई कर्मचारियों की सेवा समाप्त, एक निलंबित

मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। मोहन यादव ने बरगी डैम में हुई इस घटना को लेकर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई जिम्मेदारों पर कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय से अटैच कर विभागीय जांच शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि हादसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है। सरकार ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज संचालन से जुड़ी नई एसओपी तैयार करने की बात भी कही है। राहत और बचाव कार्य में जुटे लोगों को प्रोत्साहन स्वरूप 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है, साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। NDRF, SDERF और सेना के गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने जबलपुर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

गौरतलब है कि गुरुवार को बरगी डैम में यात्रियों से भरा एक क्रूज तेज हवाओं के कारण पलट गया था। अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव अभियान लगातार जारी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This