Home » ताजा खबर » दुबई में छाया मध्य प्रदेश का जलवा, ₹53 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले; CM मोहन यादव बोले- ‘वेलकम टू MP’

दुबई में छाया मध्य प्रदेश का जलवा, ₹53 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले; CM मोहन यादव बोले- ‘वेलकम टू MP’

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे के तीसरे दिन प्रदेश को बड़ी निवेश संभावनाएं मिली हैं। 8 सितंबर को मुख्यमंत्री ने निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक साझेदारी, शहरी विकास, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीक और सतत विकास से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान ग्लोबल निवेशकों और उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें हुईं। साथ ही शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ चर्चा, बीईईएएच की सस्टेनेबिलिटी सुविधाओं का दौरा, एमार समूह की लीडरशिप से मुलाकात और ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश: इंटरैक्टिव सेशन’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दौरान उद्योगपतियों और निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने निवेशकों से कहा कि मध्य प्रदेश में सभी का स्वागत है।

MPIDC को मिला AIM Investment Awards 2026 का सम्मान

मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards 2026 में ‘विनर एशिया’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार निवेश संवर्धन, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। यूएई के विदेश व्यापार मंत्री और एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने यह सम्मान प्रदान किया।

राणा होल्डिंग्स से 35,200 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना

मुख्यमंत्री मोहन यादव की राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ अहम बैठक हुई। इसमें ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

कंपनी ने मध्य प्रदेश में 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, 50 मेगावॉट AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर, 30,000 एमटीपीए क्षमता वाला क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी एवं रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स और एकीकृत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इन परियोजनाओं में करीब 35,200 करोड़ रुपये (4 अरब डॉलर) के निवेश की संभावना जताई गई है।

AI फैक्ट्री प्रोजेक्ट में 18 हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने एनआईडीआई सर्विसेज डीएमसीसी-एससीएनईएलएलके इन्वेस्टर्स के प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक स्तर के AI कंप्यूट कैंपस और सॉवरेन AI फैक्ट्री को लेकर चर्चा की। कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाले AI फैक्ट्री प्रोजेक्ट के लिए करीब 1.5 से 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया है। इस परियोजना को भविष्य में 100 मेगावॉट से अधिक क्षमता तक बढ़ाया जा सकता है।

वहीं, जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और आधुनिक शिक्षा परिसरों की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई।

स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स और खाद्य प्रसंस्करण पर भी फोकस

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्योर हेल्थ के प्रतिनिधियों के साथ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा में निवेश की संभावनाओं पर बातचीत की।

शराफ ग्रुप के साथ मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड-चेन, सप्लाई चेन, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश पर चर्चा हुई। वहीं चोइथराम्स के साथ फूड प्रोसेसिंग, रिटेल, कृषि उत्पादों की खरीद और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के मुद्दे पर बातचीत हुई।

डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिज़वान सूमार के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और वैश्विक सप्लाई चेन से मध्य प्रदेश को जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

इसके अलावा KGK ग्रुप के साथ डायमंड प्रोसेसिंग और जेम्स-ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग, विस्टास मीडिया कैपिटल के साथ फिल्म, AVGC, एनीमेशन, VFX और गेमिंग हब तथा VFS Global के साथ भोपाल और इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ।

शारजाह चैंबर के साथ व्यापार और निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री यादव ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। बैठक में मध्य प्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, MSME सहयोग, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए GIS-2027 में शामिल होने का न्योता दिया। बैठक के बाद चैंबर और IBPC प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल चर्चा भी हुई।

बीईईएएच के साथ सस्टेनेबिलिटी मॉडल पर बातचीत

मुख्यमंत्री ने शारजाह स्थित बीईईएएच के मुख्यालय और उसकी सस्टेनेबिलिटी सुविधाओं का भी दौरा किया। बीईईएएच के सीईओ एवं वाइस चेयरमैन खालिद अलहुरैमल के साथ हुई बैठक में वेस्ट-टू-एनर्जी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी, स्मार्ट सिटी और हरित ऊर्जा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने बीईईएएच को मध्य प्रदेश की शहरी स्वच्छता और ऊर्जा परियोजनाओं में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।

एमार ग्रुप को भी मध्य प्रदेश में निवेश का न्योता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद अलाब्बार से भी मुलाकात की। इस दौरान इंदौर की एमार कॉन्टिनेंटल सिटी परियोजना का उल्लेख करते हुए मध्य प्रदेश में एमार ग्रुप के योगदान की सराहना की गई।

मुख्यमंत्री ने एमार ग्रुप को इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर समेत प्रदेश में टाउनशिप, हॉस्पिटैलिटी और एकीकृत शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने मोहम्मद अलाब्बार को GIS-2027 में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

CM बोले- मध्य प्रदेश निवेशकों के लिए तैयार

दुबई में मीडिया संवाद के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने दौरे की उपलब्धियों और यूएई के निवेशकों की मध्य प्रदेश में बढ़ती रुचि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश सुगमता, औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्याप्त भूमि, बेहतर लॉजिस्टिक्स और निवेश-अनुकूल नीतियां निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में मध्य प्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 30 प्रतिशत से अधिक परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, IT, AI, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के पास पर्याप्त लैंड बैंक, मजबूत सड़क और रेल नेटवर्क, 8 एक्टिव एयरपोर्ट, निवेश-अनुकूल नीतियां और सिंगल विंडो प्रणाली जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण देते हुए कहा, “मध्य प्रदेश भारत का हृदय है और निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा।”

#MadhyaPradesh #MPNews #MohanYadav #CMMohanYadav #Dubai #DubaiVisit #MPInvestment #InvestmentInMP #GlobalInvestorsSummit #GIS2027

Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post