Home » ताजा खबर » महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

ठाणे: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे के जूपिटर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें शुक्रवार से हल्का बुखार, शरीर में दर्द और कमजोरी की शिकायत थी। डॉक्टरों की सलाह पर एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनका रूटीन हेल्थ चेकअप किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, एकनाथ शिंदे की हालत फिलहाल स्थिर है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

हाल ही में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर रहे थे चर्चा में

हाल ही में महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई थी, जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए थे। इस घटनाक्रम के बाद शिंदे एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गए।

सांसदों के शामिल होने पर शिंदे ने कहा था, “आज हमारे साथ छह सांसद जुड़े हैं। अब यहां एक नहीं, छह टाइगर मौजूद हैं। हम कोई भी ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते। सभी संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ये छह सांसद हमारे साथ आए हैं।”

उन्होंने आगे कहा था, “ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह सफल हो चुका है। चार साल पहले जब हमने शिवसेना में बगावत की थी, तब हमारे साथ 40 विधायक थे। हमारा उद्देश्य बालासाहेब ठाकरे के विचारों और मूल शिवसेना को बचाना था। अब राजनीति का दूसरा अध्याय शुरू हो चुका है और छह सांसद भी हमारे साथ जुड़ गए हैं।”

महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख चेहरों में हैं एकनाथ शिंदे

एकनाथ शिंदे का राजनीतिक सफर पिछले कुछ वर्षों में काफी अहम रहा है। उन्होंने उद्धव ठाकरे से अलग होकर अपना गुट बनाया और बाद में भाजपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाई। इसके बाद वह राज्य के मुख्यमंत्री बने। विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन में उन्हें उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिंदे ने अपने संगठनात्मक कौशल और राजनीतिक रणनीति के दम पर महाराष्ट्र की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई है। यही वजह है कि समय-समय पर शिवसेना (यूबीटी) के कई नेता और कार्यकर्ता उनके गुट में शामिल होते रहे हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This