Home » ताजा खबर » विधायक टी राजा सिंह को धमकी भरा पत्र, बोले— “ऐसी धमकियों से हम डरने वाले नहीं”

विधायक टी राजा सिंह को धमकी भरा पत्र, बोले— “ऐसी धमकियों से हम डरने वाले नहीं”

तेलंगाना की गोशामहल सीट से विधायक टी. राजा सिंह को धमकी दिए जाने का एक और मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम हैदराबाद स्थित उनके आवास पर एक धमकी भरा पत्र पहुंचा। विधायक का कहना है कि पत्र भेजने वाले ने अपना नाम अब्दुल हफीज बताया है और लिखा है कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

टी. राजा सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकी भरे कॉल और पत्र मिल चुके हैं। उन्होंने इस संबंध में डीजीपी, पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

धमकी में बेटे को भी निशाना बनाने का आरोप

राजा सिंह के अनुसार, हालिया पत्र में लिखने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि पुलिस ने उसे बुलाकर आधार कार्ड लिया और जांच के बाद छोड़ दिया। पत्र में यह भी लिखा गया है कि अब विधायक के बेटे को निशाना बनाया जाएगा। राजा सिंह ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

पुलिस पर गंभीर आरोप

विधायक ने तेलंगाना पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस “कठपुतली” बन चुकी है। उन्होंने मांग की कि यह पता लगाया जाए कि धमकी भरे पत्र किस डाकघर से भेजे जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दोषियों को पकड़ा जाए।

धमकियों से डरने से इनकार

टी. राजा सिंह ने साफ कहा कि वह और उनका परिवार ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जैसे छत्रपति शिवाजी महाराज के बाद संभाजी महाराज ने धर्म की रक्षा की, वैसे ही उनके बाद उनका बेटा भी धर्म के मार्ग पर कार्य करता रहेगा। उन्होंने दोहराया कि उनका परिवार धर्म और कर्म के रास्ते पर अडिग रहेगा और किसी भी धमकी से पीछे नहीं हटेगा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This