Home » ताजा खबर » फलता उपचुनाव में जीत पर PM मोदी ने देबांग्शु पांडा को दी बधाई, कही बड़ी बात

फलता उपचुनाव में जीत पर PM मोदी ने देबांग्शु पांडा को दी बधाई, कही बड़ी बात

पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। यह सीट तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती थी। भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और इसे लोकतंत्र की जीत बताया।

गौरतलब है कि 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान अनियमितताओं और व्यवधानों की शिकायतें सामने आने के बाद इस सीट पर दोबारा चुनाव कराया गया था। पुनर्मतदान में भाजपा को भारी समर्थन मिला।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “फलता की जनता ने अपना स्पष्ट जनादेश दे दिया है। लोकतंत्र की जीत हुई है और धमकियों की राजनीति को जनता ने नकार दिया है। देबांग्शु पांडा को ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई। यह पश्चिम बंगाल की जनता के भाजपा पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। राज्य में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों को जनता ने सराहा है।”

उन्होंने पश्चिम बंगाल भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि पार्टी भविष्य में भी राज्य के विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी।

चुनाव परिणामों की बात करें तो भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को कुल 1,49,666 वोट मिले। उन्होंने सीपीआई(एम) उम्मीदवार शंभुनाथ कुर्मी को 1,09,021 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कुर्मी को 40,645 वोट प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला को 10,084 वोट मिले। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से पहले अपना नाम वापस ले लिया था, इसके बावजूद उन्हें 7,783 वोट हासिल हुए।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This