‘सेवा संकल्प अभियान’ के युवाओं से PM मोदी का संवाद, बोले- सेवा के भाव से ही राष्ट्र निर्माण को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी की यात्रा पर निकले दल के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सेवा को अपने जीवन और कार्य का प्रमुख आधार बनाने का आह्वान किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ में नागरिक-केंद्रित सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना पर जोर दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि सेवा ही हमारा मुख्य कार्य होना चाहिए और सेवा करते हुए ही सेवा का संदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को उपदेश देने के बजाय अपने आचरण और कार्यों के माध्यम से सेवा की भावना को प्रदर्शित करना चाहिए। उनके मुताबिक, राजनीति में सत्ता कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाए, सेवा का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।
वडनगर जन्मभूमि, काशी कर्मभूमि: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने वडनगर और वाराणसी के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों शहर हजारों वर्षों से जीवंत परंपरा के केंद्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि वडनगर उनकी जन्मभूमि है, जबकि काशी उनकी कर्मभूमि है।
पीएम मोदी ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद है और वडनगर हाटकेश्वर महादेव की आशीष की भूमि है। उन्होंने वडनगर से वाराणसी की ओर सेवा यात्रा पर निकले युवाओं से कहा कि उनके अनुभव सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे वह स्वयं भी उनके साथ यात्रा कर रहे हों।
सेवा भाव से जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि जब काम के पीछे सेवा का भाव होता है, तो उसका लाभ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचता है। उन्होंने मुफ्त अनाज और आयुष्मान योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा की भावना से जनकल्याण के प्रयासों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका
युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति, चुनाव और शासन व्यवस्था अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने युवाओं से देश को करीब से जानने और समझने का आह्वान किया। पीएम मोदी के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों के लोगों से मिलना, उनके सपनों और आकांक्षाओं को समझना तथा उनकी समस्याओं को जानना युवाओं के अनुभव को व्यापक बनाएगा।
विकसित भारत की निर्माता और लाभार्थी होगी युवा पीढ़ी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी विकसित भारत की निर्माता भी है और उसकी बड़ी लाभार्थी भी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए देश की विविधता, अलग-अलग क्षेत्रों और समाज के विभिन्न वर्गों को करीब से समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ युवाओं को देश के अलग-अलग हिस्सों को समझने और लोगों से जुड़ने का अवसर देगी, जो उनके जीवन में महत्वपूर्ण अनुभव साबित हो सकता है।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







