आर प्रज्ञानानंद ने सेंट लुइस में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड चेस टूर का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने फैबियानो कारुआना को 15-13 के कुल स्कोर से मात दी। चेन्नई के इस युवा ग्रैंडमास्टर ने मुकाबले में 6 अंकों से पिछड़ने के बावजूद हिम्मत नहीं छोड़ी और शानदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्रज्ञानानंद ने अपने करियर की पहली ग्रैंड चेस टूर ट्रॉफी जीती और करीब 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम की। इससे पहले वह सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब भी जीत चुके हैं।
अंतिम दिन प्रज्ञानानंद ने पलटा पूरा खेल
फाइनल के आखिरी दिन फैबियानो कारुआना 6 अंकों की बढ़त के साथ मैदान में उतरे थे। ऐसे में प्रज्ञानानंद के सामने वापसी करने की बड़ी चुनौती थी। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने दबाव के बावजूद शानदार खेल दिखाया और दोनों रैपिड मुकाबले जीतकर स्कोर में बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद ब्लिट्ज मुकाबलों में भी प्रज्ञानानंद ने अपनी बढ़त कायम रखी। दोनों खिलाड़ियों के बीच ब्लिट्ज के मैच बराबरी पर समाप्त हुए। इस तरह भारतीय खिलाड़ी ने 15-13 के कुल स्कोर के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
पहले ब्लिट्ज मुकाबले में चूके प्रज्ञानानंद
पहले ब्लिट्ज मुकाबले में प्रज्ञानानंद के पास जीत हासिल करने का अच्छा मौका था, लेकिन समय की कमी के कारण वह जल्दबाजी में एक गलती कर बैठे। इससे उनकी स्थिति कमजोर हो गई। हालांकि, कारुआना इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
इससे पहले पहले क्लासिकल गेम में कारुआना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रज्ञानानंद को 6-0 से हराया था। वहीं, बुधवार को खेला गया दूसरा क्लासिकल गेम 3-3 से ड्रॉ रहा। इसके बाद अंतिम दिन के रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबलों से पहले कारुआना ने प्रज्ञानानंद पर 6 अंकों की बढ़त बना रखी थी।
वेस्ली सो ने जीता तीसरा स्थान
सेंट लुइस में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में वेस्ली सो ने विंसेंट कीमर को हराकर पोडियम पर जगह बनाई। रैपिड चरण में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक मुकाबला जीता, जिससे मुकाबला रोमांचक बना रहा।
इसके बाद ब्लिट्ज मुकाबलों में वेस्ली सो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चारों गेम जीत लिए। उनकी इस बेहतरीन लय के कारण मुकाबला खत्म होने से पहले ही तीसरा स्थान तय हो गया। वेस्ली सो ने कुल 18-12 के स्कोर से कीमर को हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







