ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ साथ आने का आह्वान करते हुए मुस्लिम देशों के नेताओं से कहा कि वे “अपने असली दुश्मन को पहचानें, उसकी योजनाओं को समझें और उसका मुकाबला करें।”
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, मुज्तबा खामेनेई ने तेहरान में आयोजित एक धार्मिक सम्मेलन में शामिल नेताओं को भेजे पत्र में अमेरिका और इजरायल को इस्लामी देशों का दुश्मन बताया। करीब छह महीने पहले अमेरिका और इजरायल के हमले में उनके पिता और ईरान के कई वरिष्ठ नेताओं की मौत हो गई थी। इसके बाद से मुज्तबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से बेहद कम नजर आए हैं।
खाड़ी देशों में बढ़ा तनाव
मुज्तबा खामेनेई का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर पूरे पश्चिम एशिया में दिखाई दे रहा है। ईरान की ओर से खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सीमित किए जाने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस घटनाक्रम से खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और आसपास के देशों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
होर्मुज में ईरानी ठिकानों पर अमेरिकी हमला
अमेरिकी सेना ने रविवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया। करीब एक महीने के अंतराल के बाद ईरान के खिलाफ अमेरिका की यह पहली घोषित सैन्य कार्रवाई थी। अमेरिकी सेना ने इसे “सीमित और सटीक कार्रवाई” बताया। अमेरिका के मुताबिक, हमले का निशाना ईरान की माइन बिछाने वाली सैन्य इकाइयां थीं।
अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया। ईरानी पक्ष के मुताबिक, जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गईं।
जॉर्डन की सेना ने बताया कि सोमवार तड़के उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई आठ मिसाइलों को रोक दिया गया। दूसरी ओर, ईरान के सरकारी मीडिया ने बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण के वीडियो प्रसारित किए और इसे अमेरिकी हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया।
लारक द्वीप के पास भी धमाके
ईरानी मीडिया के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास लारक द्वीप के आसपास कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने भी कई सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने तथा घायल होने की जानकारी दी है।
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच लगातार बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य एक बार फिर क्षेत्रीय संघर्ष का अहम केंद्र बन गया है। इस इलाके से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है, ऐसे में यहां बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का कारण बना हुआ है।
#ईरान #इजरायल #अमेरिका #मुज्तबाकामेनेई #खामेनेई #IranIsraelWar #IranIsraelConflict #USIranTension #IsraelIranWar
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







