दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी में आज छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। चार प्रमुख पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान दो पालियों में कराया जाएगा, जबकि मतगणना और नतीजे 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
हालांकि, चुनाव से पहले नॉर्थ कैंपस में प्रचार के दौरान हुई हिंसा और मारपीट के मामलों ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने इन घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटी, दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार से रिपोर्ट मांगी है। मामले पर आज सुनवाई होगी। कोर्ट ने संकेत दिया है कि अगर कार्रवाई की रिपोर्ट संतोषजनक नहीं मिली तो वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा को लेकर आदेश दिया जा सकता है। ऐसे में DUSU चुनाव के साथ आज होने वाली हाई कोर्ट की सुनवाई पर भी नजर रहेगी।
हिंसा की घटनाओं के बीच हो रहा DUSU चुनाव
दिल्ली यूनिवर्सिटी में पिछले दो दिनों के दौरान मारपीट, तोड़फोड़ और झड़प की कई घटनाएं सामने आई हैं। चुनाव प्रचार के दौरान नॉर्थ कैंपस में छात्रों के बीच हुई हिंसा में कुछ छात्र घायल भी हुए।
इन घटनाओं को लेकर ABVP और NSUI ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। ABVP ने हिंसा के लिए NSUI और समाजवादी छात्र संगठनों से जुड़े छात्रों को जिम्मेदार बताया, जबकि NSUI ने ABVP कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं।
चुनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर छात्रों की आवाजाही के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
दो पालियों में होगी वोटिंग
DUSU चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। चार बूथों पर कुल 4,446 छात्र अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान दो पालियों में होगा और 19 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
कैंपस में बूथों की जानकारी के पोस्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा छात्रों की सुविधा के लिए एंट्री और एग्जिट प्वाइंट से जुड़े नोटिस भी लगाए गए हैं।
गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर पीने के पानी, मेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। नॉर्थ कैंपस से लेकर साउथ कैंपस तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
हाई कोर्ट में दोपहर 12 बजे सुनवाई
वहीं, नॉर्थ कैंपस में चुनाव प्रचार के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट आज सुनवाई करेगा। गुरुवार को हुई पिछली सुनवाई में कोर्ट ने हिंसा की घटनाओं पर कड़ी टिप्पणी की थी।
कोर्ट ने कहा था कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आपराधिक गतिविधियों में नहीं बदला जा सकता। हाई कोर्ट ने दिल्ली यूनिवर्सिटी, दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
मामले की सुनवाई आज दोपहर 12 बजे होगी। कोर्ट ने यह भी संकेत दिया है कि यदि उसे उठाए गए कदम संतोषजनक नहीं लगे तो वोटों की गिनती और चुनाव परिणामों की घोषणा पर रोक लगाने से संबंधित आदेश दिया जा सकता है।
ऐसे में आज DUSU चुनाव में मतदान के साथ-साथ दिल्ली हाई कोर्ट की सुनवाई भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







