मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर ठाकरे बंधुओं की नजदीकियां चर्चा में हैं। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे आज अपने भाई और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने उनके मातोश्री निवास पहुंचे। राज ठाकरे इस बार अपनी मां और परिवार के साथ पहुंचे, जहां बताया जा रहा है कि यह मुलाकात एक पारिवारिक स्नेहभोजन के बहाने हुई, लेकिन इसमें आगामी महानगरपालिका चुनाव को लेकर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है।
तीन महीने में छठी मुलाकात
पिछले तीन महीनों में यह उद्धव और राज ठाकरे की छठी मुलाकात है। दोनों नेताओं के बीच बढ़ती नजदीकियां महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत दे रही हैं।
-
5 जुलाई 2025: मराठी भाषा मेळावा में दोनों भाई एक ही मंच पर नज़र आए।
-
27 जुलाई 2025: राज ठाकरे ने उद्धव के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
-
27 अगस्त 2025: दो दशक बाद उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे के घर गणेशोत्सव पर शिरकत की।
-
10 सितंबर 2025: गणेश उत्सव के दौरान फिर मुलाकात हुई, हालांकि चर्चा अधूरी रह गई।
-
5 अक्टूबर 2025: संजय राउत के पोते के नामकरण समारोह में दोनों परिवार एक साथ दिखे।
-
12 अक्टूबर 2025: राज ठाकरे परिवार सहित स्नेहभोजन के लिए मातोश्री पहुंचे।
राजनीतिक मायने
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ठाकरे बंधुओं की लगातार होती मुलाकातें आने वाले स्थानीय निकाय और बीएमसी चुनावों के लिए संभावित शिवसेना-एमएनएस गठबंधन की दिशा में इशारा कर रही हैं।
एक समय गहरे मतभेदों के कारण दोनों भाई एक-दूसरे से दूर हो गए थे, लेकिन अब बदलते सियासी हालात में “ठाकरे बनाम ठाकरे” से “ठाकरे साथ ठाकरे” की कहानी बनती दिखाई दे रही है।






