मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर आज बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सभी मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर मीडिया से बातचीत करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:45 बजे लखनऊ स्थित राज्य बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करेंगे।
नायब सैनी, फडणवीस, भजनलाल और रेखा गुप्ता आज करेंगे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता आज एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी।
जेपी नड्डा बोले—मोदी ने बदली देश की राजनीतिक संस्कृति
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की दिशा और संस्कृति को पूरी तरह बदल दिया। अब घोषणाओं के साथ ज़मीन पर काम भी होता है, जो पहले की सरकारों में नहीं दिखता था।
अब भारत नहीं झुकता, आतंकवाद का होता है सफाया
नड्डा ने यह भी कहा कि पहले आतंकवादी हमलों के बाद भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर न्याय की गुहार लगाता था, लेकिन आज भारत आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारता है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हवाला देते हुए कहा कि अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हो रही है।






