Home » बिज़नेस » Gold Rate Today: सोने के दामों में आई गिरावट, जानें आज का ताजा रेट

Gold Rate Today: सोने के दामों में आई गिरावट, जानें आज का ताजा रेट

Gold Rate Today: कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 170 रुपये सस्ता होकर 1,01,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को सोने की कीमतों में 2,200 रुपये की तेज़ बढ़त देखी गई थी, जिसके बाद यह 1,01,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सोमवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव में भी 150 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, और यह 1,00,550 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया। जबकि पिछली ट्रेडिंग में इसका भाव 1,00,700 रुपये था।

चांदी के दाम में आई गिरावट
सोमवार को सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 1,000 रुपये टूटकर 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले शुक्रवार को इसमें 1,100 रुपये की तेज़ी देखी गई थी और यह 1,08,100 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष और जिंस एवं मुद्रा विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने बताया कि भारत-अमेरिका और अमेरिका-यूरो क्षेत्र के बीच संभावित व्यापार समझौतों की रिपोर्ट के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की, जिससे सोना सीमित दायरे में 99,800 रुपये के आसपास कारोबार करता रहा।

गिरावट के बावजूद सोना रिकॉर्ड स्तर के करीब
वैश्विक बाजार में भी सोमवार को हाजिर सोना 13.23 डॉलर गिरकर 3,419.41 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अबान्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता के अनुसार, “हालांकि सोने की कीमतों में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन यह अब भी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब बनी हुई है। इज़रायल-ईरान तनाव के चलते निवेशक अब भी सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।”

कोटक सिक्योरिटीज में सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि निवेशकों की निगाहें अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इस सप्ताह होने वाली मौद्रिक नीति बैठक पर टिकी हैं। इस बैठक में संभावित ब्याज दर कटौती को लेकर संकेत मिल सकते हैं, जो आगे कीमतों की दिशा तय करेगा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This