Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » मौत से पहले पूरे दिन भूखी रहीं शेफाली जरीवाला, खाली पेट लिया था भारी डोज का इंजेक्शन, घर से मिलीं एंटी-एजिंग दवाएं

मौत से पहले पूरे दिन भूखी रहीं शेफाली जरीवाला, खाली पेट लिया था भारी डोज का इंजेक्शन, घर से मिलीं एंटी-एजिंग दवाएं

‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक निधन ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुखद खबर ने न केवल उनके परिवार को तोड़ कर रख दिया है, बल्कि उनके चाहने वाले और करीबी दोस्त भी शोक में डूबे हुए हैं। हर तरफ मायूसी का माहौल है और लोगों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे। आज सुबह शेफाली का पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसकी रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। इस बीच उनकी मौत से जुड़े मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। अंबोली पुलिस स्टेशन के सूत्रों ने इस केस से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा की हैं। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

शेफाली ने लिया था यह इंजेक्शन
शेफाली जरीवाला बीते कई सालों से एंटी-एजिंग दवाओं का सेवन कर रही थीं। 27 जून को उनके घर पर एक धार्मिक पूजा आयोजित की गई थी, जिसके चलते उन्होंने पूरा दिन उपवास रखा। उपवास के बावजूद उन्होंने दोपहर में अपनी नियमित एंटी-एजिंग दवा का इंजेक्शन लिया। बताया जा रहा है कि ये दवाएं उन्हें करीब 8 साल पहले डॉक्टर की सलाह पर दी गई थीं, और तब से वह हर महीने इनका इस्तेमाल कर रही थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकना) की एक प्रमुख वजह इस इंजेक्शन को खाली पेट लेना माना जा रहा है। हालांकि, इस पर पूरी स्पष्टता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगी।

मौत से पहले क्या हुआ था
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना वाली रात शेफाली को अचानक ठंड लगने जैसी कंपकंपी हुई और रात लगभग 11 बजे वे अचानक जमीन पर गिर पड़ीं। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दौरा पड़ा था। उस वक्त उनके साथ पति पराग त्यागी, मां और कुछ अन्य करीबी लोग मौजूद थे। अब तक की जांच में पुलिस की फॉरेंसिक टीम को घर से बड़ी मात्रा में दवाइयां मिली हैं, जिनमें एंटी-एजिंग मेडिकेशन, ब्यूटी ऑयल और गैस्ट्रिक से संबंधित टैबलेट्स शामिल हैं।

अब तक 8 लोगों के बयान दर्ज
शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत के मामले में पुलिस अब तक 8 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें उनके पारिवारिक सदस्य, घरेलू स्टाफ और अस्पताल के डॉक्टर शामिल हैं। पुलिस ने फिलहाल किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। मामले में एडीआर (Accidental Death Report) दर्ज कर ली गई है और जांच अभी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शेफाली का अंतिम संस्कार आज ही मुंबई के ओशिवारा हिंदू श्मशान भूमि में किया जाएगा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This