सोनप्रयाग: केदारनाथ यात्रा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के चलते यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रोका गया है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और आसपास के क्षेत्रों में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि, फिलहाल नदी का प्रवाह अब भी खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।
भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ मार्ग बंद, गौरीकुंड में मलबा हटाने का कार्य जारी
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बद्रीनाथ जाने वाला मार्ग भूस्खलन की वजह से बंद कर दिया गया है। वहीं, गौरीकुंड में यात्रा बहाल करने के लिए मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है।
बारिश से यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
प्रदेश में इन दिनों लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में सोनप्रयाग में हुए भूस्खलन के कारण केदारनाथ से लौट रहे 40 से अधिक श्रद्धालु फंस गए थे। हालांकि, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने तत्परता दिखाते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित
लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई है। बरकोट के पास बीते दिनों बादल फटने की घटना ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है।



