दिल्ली के आजाद मार्केट में देर रात बड़ा हादसा, गिरी इमारत से मचा हड़कंप, एक की मौत
उत्तरी दिल्ली के आजाद मार्केट इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रात करीब 2 बजे पुल मिठाई के पास स्थित एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटना के वक्त इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बैग, सूटकेस और तिरपाल की दुकानें थीं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, उसके पास मेट्रो का निर्माण कार्य भी चल रहा था।
मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से 46 वर्षीय एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तुरंत हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मनोज शर्मा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पिछले 30 वर्षों से दुकान नंबर 7A के मालिक गुलशन महाजन के यहां काम कर रहा था।
घटनास्थल पर बचाव टीमें सक्रिय
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बताया कि टोकरी वालान, पुल मिठाई, बाड़ा हिंदू राव इलाके में स्थित इस इमारत के भूतल पर तीन दुकानें थीं और पहली मंजिल पर एक गोदाम बना हुआ था। घटना में सामने खड़े एक ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस का कहना है कि इस घटना की सूचना रात करीब 1:55 बजे पीसीआर के जरिए मिली थी। मलबे से बरामद शव को अस्पताल भिजवाया गया और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल इस मामले में बीएनएस की धारा 106(1)/290 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
राहत कार्य अब भी जारी है और प्रशासन यह जांच करने में जुटा है कि इमारत गिरने की असली वजह क्या थी।






