स्पेन में निवेश संवाद: वैश्विक फैशन ब्रांडों के साथ मध्यप्रदेश बना निवेश का केंद्र बिंदु
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा के दूसरे दिन का मुख्य फोकस वैश्विक कपड़ा और फैशन उद्योग के दिग्गजों से निवेश को लेकर संवाद पर रहा। गैलिसिया स्थित Inditex मुख्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को एक “हरित, लागत-प्रतिस्पर्धी और ट्रेसिबल उत्पादन हब” के रूप में प्रस्तुत किया।
इंडीटेक्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की पहल
बैठक में Inditex समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापारिक सहयोग, सतत निवेश और उत्पादन इकाइयों की स्थापना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री यादव ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार वैश्विक टेक्सटाइल साझेदारियों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इंडीटेक्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड की भागीदारी से राज्य में आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और हरित उत्पादन को गति मिलेगी।
मध्यप्रदेश: टेक्सटाइल उद्योग के लिए उपयुक्त गंतव्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश देश के शीर्ष कच्चा कपास उत्पादक राज्यों में एक है, जहाँ प्रतिवर्ष लगभग 18 लाख बेल्स (3 लाख मीट्रिक टन) उत्पादन होता है। इंदौर, मंदसौर, बुरहानपुर, उज्जैन, नीमच जैसे शहरों में 15 से अधिक टेक्सटाइल क्लस्टर सक्रिय हैं, जो राज्य को एक आदर्श निर्माण केंद्र बनाते हैं।
पीएम मित्रा पार्क: वैश्विक ब्रांडों के लिए अवसर
मुख्यमंत्री ने धार जिले में भारत सरकार की पीएम मित्रा योजना के तहत विकसित हो रहे टेक्सटाइल मेगा पार्क को Inditex के लिए आदर्श निवेश स्थल बताया। उन्होंने इस पार्क में गारमेंट यूनिट की स्थापना और समग्र आपूर्ति श्रृंखला (supply chain) के विकास का प्रस्ताव भी रखा।
ऑर्गेनिक कॉटन में साझेदारी की अपील
मध्यप्रदेश देश का अग्रणी ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक है, विशेषकर निमाड़ और मालवा क्षेत्र में। यहाँ GOTS-सर्टिफाइड किसान समूह सक्रिय हैं, जो Inditex की सस्टेनेबिलिटी और ट्रेसिबिलिटी नीतियों के अनुरूप हैं। मुख्यमंत्री ने Farm-to-Fabric वैल्यू चेन मॉडल में इंडीटेक्स के साथ साझेदारी का प्रस्ताव दिया।
ईएसजी मूल्यों में समानता
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार पर्यावरण, सामाजिक और प्रशासनिक (ESG) मानकों को प्रोत्साहित करती है। वॉटर रिसाइक्लिंग, वेस्ट मैनेजमेंट और डीसेंट वर्किंग स्टैंडर्ड्स जैसी नीतियाँ राज्य में पहले से लागू हैं, जो इंडीटेक्स की जिम्मेदार सोर्सिंग नीति के अनुरूप हैं।
निर्यात बढ़ाने की संभावनाएँ
वर्तमान में राज्य से टेक्सटाइल और गारमेंट का वार्षिक निर्यात 7,000 करोड़ रुपये से अधिक है, जिसमें यूरोपीय संघ की महत्वपूर्ण भागीदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडीटेक्स जैसी कंपनियों की साझेदारी से यह आँकड़ा 10,000 करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है, जिससे स्थानीय रोजगार और महिला सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा।
नीतिगत समर्थन और लॉजिस्टिक्स की सुविधा
मुख्यमंत्री ने ‘औद्योगिक एवं निर्यात नीति – 2025’ की विशेषताओं को साझा किया, जिसमें भूमि पर 90% सब्सिडी, मशीनरी पर 40% पूंजी सहायता, हरित प्रौद्योगिकी पर 50% सहायता और ऋण पर ब्याज सब्सिडी शामिल हैं।
इंडीटेक्स को साझेदारी का निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंडीटेक्स को पीएम मित्रा पार्क में सप्लाई चेन एंकर के रूप में भागीदारी का आमंत्रण दिया। उन्होंने एक Organic Cotton Tracing Platform और ESG-सर्टिफाइड MSMEs के साथ Vendor Development Program शुरू करने का सुझाव भी दिया।
इंडीटेक्स: वैश्विक फैशन का अग्रदूत
स्पेन की Inditex (Industria de Diseño Textil S.A.) दुनिया की सबसे बड़ी फैशन रिटेल कंपनियों में से एक है। इसके अंतर्गत ज़ारा, मैसिमो दुत्ती, बेरशका, बुल एंड बीयर जैसे लोकप्रिय ब्रांड आते हैं। भारत में यह टाटा समूह के साथ मिलकर कार्य करती है और अपने तेज़ फैशन मॉडल, ट्रेसिबल सप्लाई चेन और टिकाऊ कार्यप्रणालियों के लिए जानी जाती है।






