रायपुर: केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों में डिजिटल संचार को मजबूत करने के लिए 400 नए BSNL टावर स्थापित करने जा रही है। इस बात की जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास और दूरसंचार राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने रायपुर में दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों और वन विभाग से मंज़ूरी मिलने के बाद यह कार्य चरणबद्ध ढंग से शुरू किया जाएगा।
डॉ. शेखर ने कहा, “BSNL आज देशभर में उन्नत 4G सेवाएं दे रहा है, और इन टावरों की स्थापना से हम डिजिटल इंडिया मिशन के तहत अंतिम गांव तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगे।”
योजनाओं की समीक्षा और संतोष
रायपुर में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में डॉ. शेखर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में ग्रामीण विकास, डाक, दूरसंचार और BSNL के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने राज्य में इन योजनाओं की तेज़ प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और आवास सुविधाओं में सकारात्मक बदलाव आया है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘पिंक ऑटो’ पहल
राज्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की सराहना करते हुए ‘पिंक ऑटो’ जैसी पहलों को महिलाओं के लिए सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं को स्वामित्व वाले ऑटो प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। साथ ही SHGs को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और विपणन के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।
नक्सल क्षेत्रों में विकास कार्य ‘मिशन मोड’ में
डॉ. शेखर ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में घर-घर तक सरकारी सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है, जिससे छात्र JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी कर पा रहे हैं। साथ ही दिव्यांग छात्रों के लिए भी विशेष सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं, जो एक समावेशी और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाएं
अपने संबोधन के अंत में डॉ. शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की योजनाएं अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। वंचित, आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में भी तेज़ विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल, भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे को एक साथ सशक्त बनाकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ को साकार कर रही है।






