उत्तराखंड क्लाउडबर्स्ट: उत्तरकाशी के धराली में मचा कहर, 10 की मौत, सेना के 10 जवान लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को बादल फटने से भीषण तबाही हुई। धराली गांव के ऊपरी हिस्से में बादल फटने के बाद खीरगंगा नदी उफान पर आ गई, जिससे तेज़ बहाव और मलबे ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। इस आपदा में 20 से ज्यादा घर, होटल और होमस्टे ढह गए।
130 से ज्यादा लोग रेस्क्यू, सेना और एजेंसियां युद्धस्तर पर जुटीं
धराली, हर्षिल और सुक्खी टॉप इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। अब तक सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने 130 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। राहत कार्यों में सेना की 14वीं RAJRIF बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन के नेतृत्व में 150 जवान तैनात हैं।
10 की मौत, सेना के 10 जवान लापता
इस आपदा में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सेना के 10 जवानों समेत कई लोग लापता हैं। सैलाब और मलबे के चलते बचाव कार्य में लगातार दिक्कतें आ रही हैं।
धराली गांव का आधा हिस्सा मलबे में दबा
गंगोत्री धाम से करीब 20 किलोमीटर पहले स्थित धराली गांव यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है। लेकिन बादल फटने से आए बाढ़ और मलबे की चपेट में आकर गांव का लगभग आधा हिस्सा मलबे और कीचड़ में दब गया। तीन-चार मंजिला इमारतें भी देखते ही देखते ढह गईं।
सैलाब ने दो दिशाओं में बरपाया कहर
बादल फटने के बाद खीरगंगा नदी में आए सैलाब ने एक ओर धराली तो दूसरी ओर सुक्की गांव की तरफ रुख किया, जिससे दोनों ही इलाकों में व्यापक नुकसान हुआ।
रेस्क्यू में मौसम बना बाधा, शव खोजी कुत्ते तैनात
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसी बीच एडीआरएफ ने पहली बार शवों की तलाश के लिए बॉडी स्निफर डॉग्स की टीम को तैनात करने का फैसला लिया है। दिल्ली से एक जोड़े को हवाई मार्ग से लाया जाएगा, जबकि अन्य टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।
हर्षिल आर्मी कैम्प और रेलवे लाइन पर भी असर
हर्षिल स्थित आर्मी कैंप में भारी तबाही हुई है, जहां हैलीपैड भी जलमग्न हो गया है। वहीं हरिद्वार में भीमगौड़ा टनल के पास मलबा गिरने से हरिद्वार-देहरादून रेलवे लाइन बाधित हो गई।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर हालात की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को केंद्र से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बुधवार को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में रेड अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, देहरादून, चंपावत और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।



