पीएम मोदी ने यूरोपियन काउंसिल और कमीशन के प्रेसिडेंट से की बातचीत, व्यापार से लेकर यूक्रेन संकट तक हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से संयुक्त फोन वार्ता की। इस दौरान तीनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, नवाचार, स्थिरता और आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति का स्वागत किया।
भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर जोर
बातचीत में भारत और यूरोपीय संघ ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही IMEEC गलियारे के कार्यान्वयन को लेकर भी सहमति जताई गई। नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों का सामना करने, स्थिरता को बढ़ावा देने और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत बनाने में भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी की अहम भूमिका पर बल दिया।
अगला भारत-ईयू शिखर सम्मेलन भारत में
प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों नेताओं को भारत में होने वाले अगले भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। फरवरी में हुई यूरोपीय संघ के आयुक्तों की ऐतिहासिक भारत यात्रा का हवाला देते हुए, तीनों नेताओं ने जल्द ही नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति जताई।
यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा
वार्ता के दौरान यूक्रेन संकट भी प्रमुख मुद्दा रहा। पीएम मोदी और यूरोपीय संघ के नेताओं ने संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों और शांति बहाली पर विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और स्थिरता की दिशा में लगातार समर्थन करता रहेगा।
बातचीत के अंत में नेताओं ने आपसी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।






