Home » अंतर्राष्ट्रीय » इस बार UNGA की जनरल डिबेट में शामिल नहीं होंगे PM मोदी, विदेश मंत्री जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

इस बार UNGA की जनरल डिबेट में शामिल नहीं होंगे PM मोदी, विदेश मंत्री जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

संयुक्त राष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र की हाई-लेवल जनरल डिबेट में शामिल नहीं होंगे। संशोधित अस्थायी सूची के अनुसार, भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर 27 सितंबर को विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। पहले की सूची में पीएम मोदी का भाषण 26 सितंबर को तय था, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है।
महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा, जबकि हाई-लेवल डिबेट 23 से 29 सितंबर तक चलेगी।

23 सितंबर को होगा ट्रंप का भाषण

जनरल डिबेट की शुरुआत परंपरा के मुताबिक ब्राजील के संबोधन से होगी, जिसके बाद 23 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंच से अपनी बात रखेंगे। यह ट्रंप का दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद UNGA में पहला भाषण होगा। 26 सितंबर को इजरायल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के नेता भाषण देंगे। इस बार का सत्र खास है क्योंकि संयुक्त राष्ट्र अपनी 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। थीम है — “बेटर टुगेदर: 80 इयर्स एंड मोर फॉर पीस, डेवलपमेंट एंड ह्यूमन राइट्स।”

कई अहम बैठकें होंगी

सितंबर का महीना हर साल संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सबसे व्यस्त माना जाता है। 22 सितंबर को 80वीं वर्षगांठ पर विशेष बैठक होगी। 24 सितंबर को महासचिव एंटोनियो गुटेरेस जलवायु शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे, जिसमें विश्व नेता नई राष्ट्रीय जलवायु योजनाएं प्रस्तुत करेंगे। इस बार चौथी विश्व महिला सम्मेलन (1995, बीजिंग) की 30वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी।

भारत-अमेरिका व्यापारिक तनाव के बीच अहम सत्र

यह सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब इजरायल-हमास युद्ध और यूक्रेन संकट जैसे वैश्विक मुद्दे चर्चा में हैं। फरवरी में पीएम मोदी ने वॉशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी। इसके बाद से ट्रंप ने भारत पर कई टैरिफ लगाए, जिनमें रूस से तेल खरीद पर 25% शुल्क भी शामिल है। विशेषज्ञों का मानना है कि जयशंकर इस मंच से भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे। हालांकि, अस्थायी सूची में आगे भी बदलाव संभव हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This