भारत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रुख हाल के दिनों में काफी बदलता नजर आ रहा है। जहां पहले वे लगातार भारत पर निशाना साधते थे, वहीं अब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें “महान प्रधानमंत्री और अपना मित्र” कहा। ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को विशेष बताया था, जिस पर पीएम मोदी ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी। अब बुधवार को ट्रंप ने एक और पोस्ट कर दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता फिर से शुरू होने की जानकारी दी, जिस पर मोदी ने भी जवाब दिया।
डोनाल्ड ट्रंप का बयान
ट्रंप ने लिखा, “मुझे खुशी है कि भारत और अमेरिका व्यापार अवरोधों को दूर करने के लिए बातचीत फिर से शुरू कर रहे हैं। मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी से आने वाले हफ्तों में बात करने को उत्सुक हूं। मुझे भरोसा है कि यह वार्ता हमारे दोनों महान देशों के लिए सकारात्मक नतीजे लेकर आएगी।”
पीएम मोदी का जवाब
ट्रंप की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारत और अमेरिका स्वाभाविक साझेदार और करीबी मित्र हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ताएं इस साझेदारी की असीम संभावनाओं को सामने लाएंगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को शीघ्र पूरा करने में जुटी हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत को लेकर भी उत्सुक हूं ताकि दोनों देशों के नागरिकों के लिए उज्जवल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।”






