Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बड़ी खबर! आठ मंत्रियों ने एक साथ इस्तीफा सौंपा, मुख्यमंत्री ने की राज्यपाल से मुलाकात

बड़ी खबर! आठ मंत्रियों ने एक साथ इस्तीफा सौंपा, मुख्यमंत्री ने की राज्यपाल से मुलाकात

शिलांग से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। मंगलवार को प्रस्तावित मंत्रिमंडल फेरबदल से पहले मेघालय सरकार में हलचल मच गई। एनपीपी नीत मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) सरकार के आठ मंत्रियों ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इनमें वरिष्ठ नेता ए.एल. हेक, पॉल लिंगदोह और अम्पारीन लिंगदोह भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सौंपे इस्तीफे

अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर से मुलाकात की और मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे। जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम पांच बजे राजभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

किन मंत्रियों ने छोड़ा पद?

इस्तीफा देने वाले आठ मंत्रियों में एनपीपी के अम्पारीन लिंगदोह, कॉमिंगोन यम्बोन, रक्कम ए. संगमा और अबू ताहिर मंडल, यूडीपी के पॉल लिंगदोह और किरमेन शायला, एचएसपीडीपी के शकलियार वारजरी और भाजपा के ए.एल. हेक शामिल हैं। इनके इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में नए चेहरों की एंट्री का रास्ता खुल गया है।

कौन बन सकते हैं नए मंत्री?

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनपीपी विधायक वैलादमिकी शायला, सोस्थनीस सोहतुन, ब्रेनिंग ए. संगमा और टिमोथी डी. शिरा नए मंत्रियों में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा यूडीपी प्रमुख मेतबाह लिंगदोह और पूर्व मंत्री लखमेन रिम्बुई के शपथ लेने की भी संभावना है। एचएसपीडीपी विधायक मेथोडियस दखार शकलियार वारजरी की जगह और भाजपा के सनबोर शुल्लई ए.एल. हेक की जगह कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This