Home » ताजा खबर » PM मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से की बातचीत, जानें क्या हुई चर्चा

PM मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से की बातचीत, जानें क्या हुई चर्चा

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत कर हाल की दुखद घटनाओं पर संवेदनाएं व्यक्त कीं और नेपाल में शांति व स्थिरता बहाल करने के लिए भारत के अटूट समर्थन का आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस पर कार्की और वहां की जनता को शुभकामनाएं भी दीं। इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर उन्हें अंतरिम सरकार का प्रमुख चुने जाने पर बधाई दी थी।

मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने X पर लिखा, “नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की से आत्मीय बातचीत हुई। हाल की दुखद जनहानि पर संवेदना प्रकट की और उनके प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। साथ ही, उन्हें और नेपाल की जनता को राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं दीं।”

महिला सशक्तिकरण का उदाहरण

इंफाल में हाल ही की एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्की की नियुक्ति को “महिला सशक्तिकरण का शानदार उदाहरण” बताया था। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से गहरे जुड़े हैं। मोदी ने विश्वास जताया कि कार्की नेपाल को शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाएंगी। गौरतलब है कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनी हैं।

राजनीतिक संकट के बाद बनीं अंतरिम प्रधानमंत्री

कार्की की नियुक्ति ने नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट को विराम दिया। सोशल मीडिया पर पाबंदी के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शनों और पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों और युवा नेताओं की सहमति से उन्हें अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This