हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने निजी आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच चुके हैं और मामले की जांच जारी है।
पत्नी हैं आईएएस अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अधिकारी की पत्नी आईएएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अन्य अधिकारियों के साथ 5 अक्टूबर को जापान दौरे पर गई थीं। वह कल शाम भारत लौटेंगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने वाई. पूरन कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
चूंकि यह हाई-प्रोफाइल मामला है, इसलिए जांच को बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आत्महत्या के पीछे निजी कारण थे या किसी अन्य दबाव की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
2001 बैच के थे अधिकारी
वाई. पूरन कुमार 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और उन्हें अपने सख्त लेकिन निष्पक्ष कार्यशैली के लिए जाना जाता था। उनकी अचानक हुई मौत से पुलिस विभाग में शोक और हैरानी का माहौल है।
सहकर्मियों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि यह पूरे विभाग के लिए एक बड़ी क्षति है।






