Home » ताजा खबर » ‘अब भारत आतंकी हमलों पर चुप नहीं बैठता, मुंहतोड़ जवाब देता है’, PM मोदी का विश्व को सशक्त संदेश

‘अब भारत आतंकी हमलों पर चुप नहीं बैठता, मुंहतोड़ जवाब देता है’, PM मोदी का विश्व को सशक्त संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं बैठता, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने कहा कि भारत ने पुरानी सोच और मजबूरियों को पीछे छोड़ते हुए दृढ़ विश्वास के साथ सुधारों की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए हैं। पीएम मोदी ने भारत की प्रगति और आत्मविश्वास को रेखांकित करते हुए कहा कि देश ने हर चुनौती को अवसर में बदला है और आज यह दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

‘मजबूरी से दृढ़ता तक का सफर’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पहले की सरकारें मजबूरी में सुधार करती थीं, लेकिन अब हम सुधारों को दृढ़ विश्वास और स्पष्ट नीति के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। दुनिया के लिए यह समय अनिश्चितता का हो सकता है, लेकिन भारत के लिए यह अवसर का दौर है। हमने हर सुधार को दृढ़ता में और हर दृढ़ता को क्रांति में बदला है।”

उन्होंने भारत की बदलती सुरक्षा नीति पर जोर देते हुए कहा कि अब देश आतंकवाद के खिलाफ निष्क्रिय नहीं है। “भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं रहता, बल्कि हवाई हमलों, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों के जरिए मुंहतोड़ जवाब देता है,” पीएम मोदी ने कहा।

‘चुनौतियों के बीच शानदार प्रदर्शन’

प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश ने शानदार प्रदर्शन किया है। “जब पूरी दुनिया युद्धों और अनिश्चितताओं से जूझ रही थी, तब भारत ने सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर आलोचकों को गलत साबित किया। कभी ‘फ्रैजाइल 5’ में गिना जाने वाला भारत आज दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में है,” उन्होंने कहा।

‘अनस्टॉपेबल भारत’

पीएम मोदी ने भारत की प्रगति को ‘अनस्टॉपेबल’ बताते हुए कहा, “आज जब दुनिया भर में तरह-तरह के रोडब्लॉक और स्पीड ब्रेकर हैं, तब भारत की रफ्तार थमने वाली नहीं है। हम न रुकेंगे, न झुकेंगे। 140 करोड़ भारतीय पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा, “चिप से लेकर शिप तक, भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरपूर है।”

‘जनता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके लोग हैं। “जब सरकार अनावश्यक दखल नहीं देती, तब जनता अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करती है। यही भारत की असली शक्ति है।” उन्होंने भारत के डिजिटल वित्तीय ढांचे की सफलता का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में दुनिया को चौंका दिया है।

अंत में पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया भारत को भरोसेमंद, जिम्मेदार, मजबूत साझेदार और अवसरों की भूमि के रूप में देख रही है।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This