Home » देश » दीपावली पर पीएम मोदी का देशवासियों के नाम पत्र, जनता से की खास अपील — जानिए प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

दीपावली पर पीएम मोदी का देशवासियों के नाम पत्र, जनता से की खास अपील — जानिए प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

दीपावली पर पीएम मोदी का देशवासियों के नाम संदेश: स्वदेशी अपनाने, योग करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील

दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम एक विशेष पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने जहां सभी नागरिकों को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, वहीं लोगों से कई महत्वपूर्ण अपीलें भी कीं। पीएम मोदी ने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, योग को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर ‘नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स’ तक का उल्लेख करते हुए देश की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

मर्यादा का पालन करते हुए अन्याय का बदला लिया गया – पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने लिखा, “ऊर्जा और उमंग से भरी दीपावली के इस पावन पर्व पर आप सभी को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद यह दूसरी दीपावली है। प्रभु श्रीराम हमें मर्यादा का पालन करने और अन्याय से लड़ने की सीख देते हैं। इसका जीवंत उदाहरण हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देखा — जहां भारत ने मर्यादा का पालन करते हुए अन्याय का जवाब दिया।”

इस बार की दीपावली विशेष है – पीएम मोदी
उन्होंने कहा, “इस बार की दीपावली इसलिए भी विशेष है क्योंकि देश के कई ऐसे जिलों में पहली बार दीप जलेंगे, जहां पहले नक्सलवाद और माओवादी आतंक का प्रभाव था। अब ये क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं और हिंसा छोड़कर संविधान में आस्था जता रहे हैं। यह देश की एक बड़ी सफलता है।”

‘देशवासियों के हजारों करोड़ रुपये की बचत हो रही’
अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने हाल में शुरू हुए ‘नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “नवरात्रि के पहले दिन लागू हुई कम GST दरों के कारण ‘GST बचत उत्सव’ से देशवासियों के हजारों करोड़ रुपये की बचत हो रही है। यह देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक सकारात्मक संकेत है।”

‘स्वदेशी अपनाएं, स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें’
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज जब विश्व अनेक संकटों से गुजर रहा है, भारत स्थिरता और संवेदनशीलता का प्रतीक बनकर उभरा है। आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इस दिशा में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वदेशी वस्तुएं अपनाए और गर्व से कहे — ‘यह स्वदेशी है’।
हम स्वच्छता का पालन करें, हर भाषा का सम्मान करें, स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, भोजन में तेल की मात्रा 10% घटाएं और योग को जीवन का हिस्सा बनाएं — ये कदम हमें विकसित भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ाएंगे।”

‘दीपावली हमें सहयोग और सकारात्मकता की सीख देती है’
अपने संदेश के अंत में पीएम मोदी ने लिखा, “दीपावली यह सिखाती है कि जब एक दीप दूसरे दीप को जलाता है, तो उसका प्रकाश कम नहीं होता, बल्कि और बढ़ता है। इसी भावना के साथ हमें भी अपने समाज में सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता के दीप जलाने चाहिए। सभी देशवासियों को दीप पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This