नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1964 को हुआ था। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों और समर्पण की सराहना की।
पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा,
“गृह मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और मेहनती स्वभाव के कारण उन्हें व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है। उन्होंने भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है और हर नागरिक को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
रणनीति के मास्टर अमित शाह
अमित शाह का जन्म मुंबई में गुजराती दंपति अनिलचंद्र शाह और कुसुम बेन शाह के घर हुआ था। उनके दादा गायकवाड़ के बड़ौदा राज्य की मानसा रियासत में एक प्रतिष्ठित व्यापारी थे।
राजनीतिक जीवन में शाह ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं — वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गुजरात के गृह मंत्री और पार्टी के महासचिव रह चुके हैं। वर्तमान में वे देश के गृह मंत्री और गांधी नगर से लोकसभा सांसद हैं।
2014 के आम चुनावों में जब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, तब अमित शाह को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। उनकी रणनीति और संगठन कौशल के चलते भाजपा ने राज्य में 73 सीटों पर जीत हासिल की और 42% वोट शेयर प्राप्त किया। यह सफलता न केवल भाजपा के लिए ऐतिहासिक थी, बल्कि अमित शाह की राजनीतिक कुशलता का भी प्रमाण बनी।



