भारत के चुनाव आयोग ने वोटर्स के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत की है। अब वोटर लिस्ट से नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने की प्रक्रिया में पहचान संबंधी गड़बड़ी रोकने के लिए ई-साइन (E-Sign) सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयोग के सूत्रों के अनुसार यह सुविधा जुलाई-अगस्त से ही लागू है और इसका किसी राजनीतिक बयान या आरोप से कोई संबंध नहीं है।
क्या है ई-साइन सुविधा?
चुनाव आयोग ने अपने ECI नेट पोर्टल और ऐप पर ई-साइन की सुविधा शुरू की है। अब नए वोटर रजिस्ट्रेशन, नाम हटाने या सुधार के आवेदन के दौरान पहचान की पुष्टि आधार से जुड़े मोबाइल नंबर के जरिए होगी। पहले ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) घर जाकर हस्ताक्षर करवाता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया ई-साइन के माध्यम से तुरंत ऑनलाइन पूरी हो सकेगी।
फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
पहले आवेदक केवल किसी भी मोबाइल नंबर से फॉर्म भरकर जमा कर सकते थे, भले ही वह नंबर उनकी पहचान से जुड़ा न हो। बाद में BLO जाकर इसकी जांच करता था। अब ई-साइन सुविधा लागू होने के बाद फर्जी नंबर या गलत पहचान का इस्तेमाल कर नाम कटवाने की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी।






