Home » अंतर्राष्ट्रीय » ईरान के परमाणु ठिकानों को नष्ट करने में नाकाम रहा अमेरिका? खुफिया रिपोर्ट पर ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

ईरान के परमाणु ठिकानों को नष्ट करने में नाकाम रहा अमेरिका? खुफिया रिपोर्ट पर ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

इज़राइल और ईरान के बीच संघर्षविराम के बाद जहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सफलता का श्रेय लेने में जुटे हैं, वहीं यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने वास्तव में ईरान के परमाणु ठिकानों को तबाह किया या फिर यह अभियान विफल रहा। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने उन खुफिया रिपोर्टों का खंडन किया है जिनमें अमेरिकी दावों पर संदेह जताया गया है और कहा गया है कि ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट नहीं किया जा सका।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो प्रमुख अखबारों का नाम लेते हुए कहा, “इतिहास के सबसे सफल सैन्य हमलों में से एक को जानबूझकर कमतर दिखाने की कोशिश की जा रही है। ईरान के परमाणु ठिकाने पूरी तरह तबाह कर दिए गए हैं।” ट्रंप ने आगे कहा कि इन दोनों अखबारों को अब जनता की तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, अमेरिका के दो प्रमुख अखबारों ने एक खुफिया रिपोर्ट के हवाले से ट्रंप प्रशासन द्वारा ईरान में किए गए सैन्य अभियान पर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप सरकार का यह दावा पूरी तरह सही नहीं है कि ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के न्यूक्लियर ठिकाने पूरी तरह तबाह नहीं हुए, जिसके चलते अब ट्रंप प्रशासन की कार्रवाइयों पर संदेह जताया जा रहा है। इन दावों के जवाब में अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बी-2 बॉम्बर्स का वीडियो किया साझा
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अमेरिकी बमवर्षक विमान बी-2 उड़ान भरते और बमबारी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में इन खास विमानों की ताकत, तकनीक और मारक क्षमता को दिखाया गया है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक पुराना गाना भी बज रहा है, जो इसे और प्रभावशाली बनाता है। इससे पहले अमेरिका ने ‘ऑपरेशन मिडनाइट हैमर’ का एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें सात बी-2 बॉम्बर्स ने लगभग 37 घंटे की उड़ान में MOP बमों और टॉमहॉक मिसाइलों से ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया था।

गौरतलब है कि 22 जून को अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों को निशाना बनाकर एक बड़ा सैन्य हमला किया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के फोर्दो, नतांज और इस्फहान में स्थित परमाणु स्थलों पर सटीक बमबारी कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। बाद में ईरान ने भी इस हमले की पुष्टि करते हुए स्वीकार किया था कि उसके इन तीनों परमाणु ठिकानों पर हमला हुआ है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This