रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। बुधवार को केदारनाथ मंदिर की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास एक बरसाती नाले में भूस्खलन हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इसी मार्ग पर भारी बारिश के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई थी।
खाई में गिरे तीर्थयात्री
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुए भूस्खलन में कई यात्री और पालकी संचालक मलबे की चपेट में आकर खाई में गिर गए। यह हादसा बरसाती नाले के पास हुआ, जब ऊपर पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे में एक महिला को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए गौरीकुंड भेजा गया है।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान, पुलिस की निगरानी में यात्रियों की आवाजाही को सावधानीपूर्वक नियंत्रित किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक सतर्कता बरतें और मौसम संबंधी अलर्ट का पालन करें। (भाषा इनपुट्स सहित)



