Home » राजनीति » “टैरिफ विवाद पर कृषि मंत्री शिवराज का बड़ा बयान: ‘अमेरिका दादागिरी कर रहा है, लेकिन ये नया भारत है’”

“टैरिफ विवाद पर कृषि मंत्री शिवराज का बड़ा बयान: ‘अमेरिका दादागिरी कर रहा है, लेकिन ये नया भारत है’”

अमेरिका ने बुधवार से भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लागू कर दिया है। इससे पहले 29 जुलाई को भी अमेरिका ने 25% टैरिफ लगाया था। यानी अब भारतीय उत्पादों पर कुल 50% शुल्क लगने लगा है। इस कदम पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नया भारत किसी से नहीं डरता और न ही झुकता है।

अमेरिका दादागीरी कर रहा है – शिवराज

कृषि मंत्री ने कहा, “अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इसलिए वह दादागीरी कर रहा है। भारत को डराने की कोशिश हो रही है। लेकिन यह नया भारत है, जो किसी दबाव में नहीं आएगा। मोदी सरकार किसानों और पशुपालकों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी।”

हम अपने फैसले खुद करेंगे

ग्वालियर में आयोजित 64वें अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान कार्यकर्ता सम्मेलन में शिवराज ने कहा, “भारत एक संप्रभु राष्ट्र है। हम अपनी नीतियां खुद तय करेंगे। राष्ट्रीय हितों या किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। दुनिया की कोई ताकत हमें आदेश नहीं दे सकती। 144 करोड़ लोगों का देश आज दुनिया की आंखों में आंख डालकर बात कर रहा है और तेजी से आगे बढ़ रहा है।”

“तीसरा नेत्र खोल दिया तो…”

शिवराज ने कहा कि भारत ने उन ताकतों को पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने कभी इस पर राज किया था और आने वाले समय में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा, “हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन कोई हमें छेड़े तो उसे छोड़ते नहीं हैं। अगर हमने अपना तीसरा नेत्र खोल दिया, तो दादागीरी करने वाले कहीं टिक नहीं पाएंगे।”

उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के अधिक उपयोग का आह्वान भी किया और कहा कि यही भारत की आत्मनिर्भरता और मजबूती का रास्ता है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This