Home » मध्य प्रदेश » ड्रग रैकेट सरगना यासीन अहमद के घर पर चलेगा बुलडोज़र, मोहन यादव सरकार का सख्त एक्शन

ड्रग रैकेट सरगना यासीन अहमद के घर पर चलेगा बुलडोज़र, मोहन यादव सरकार का सख्त एक्शन

भोपाल में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़: यासीन उर्फ मछली के 50 करोड़ के अवैध साम्राज्य पर मोहन यादव सरकार का बुलडोजर एक्शन

भोपाल, मध्य प्रदेश: मोहन यादव सरकार ने राज्य में ड्रग माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। एमडी ड्रग पैडलर यासीन अहमद उर्फ मछली और उसके परिवार के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चलने वाला है। यासीन और उसके रिश्तेदारों पर न सिर्फ ड्रग तस्करी, बल्कि महिलाओं के यौन शोषण, युवाओं से मारपीट और धमकाकर वसूली जैसे गंभीर आरोप हैं। इन आरोपियों ने कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी जमीन पर फार्म हाउस, वेयरहाउस, कारखाने और मदरसे खड़े कर रखे हैं।

मोहन यादव सरकार की सख्त कार्रवाई
राज्य सरकार का बुलडोजर अभियान कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाने की पूरी तैयारी कर ली है। इस दौरान एसडीएम, देहात एसपी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। जिला प्रशासन वार्ड नंबर 62, अनंतपुरा कोकता क्षेत्र में स्थित सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करेगा।

अधिकारियों द्वारा चिन्हित अवैध संपत्तियां इस प्रकार हैं:

  • शकील अहमद, पिता शरीफ अहमद – फार्म हाउस (खसरा नंबर 55) शासकीय भूमि पर।
  • शारिक, पिता शरीफ अहमद – 40,000 वर्गफीट में बना वेयरहाउस।
  • शकील अहमद – सुमन फार्म, शासकीय भूमि पर।
  • इरशाद अहमद, पिता सरफराज मोहम्मद खान – कारखाना, सरकारी जमीन पर।
  • अता उल रहमान, पिता मुफ्ती रईस अहमद खान – अवैध मदरसा, सरकारी भूमि पर।
  • शारिक अहमद उर्फ मछली, सोहेल अहमद, शफीक अहमद – तीन मंजिला कोठी, शासकीय भूमि पर।

क्या है पूरा मामला?
भोपाल में हाल ही में एमडी ड्रग्स के एक हाई-प्रोफाइल नेटवर्क का खुलासा हुआ था। इस नेटवर्क का सरगना यासीन अहमद उर्फ मछली खुद को वीडियो जॉकी बताता था, लेकिन असल में वो नशे का कारोबारी निकला। यासीन भोपाल के क्लब, बार और रेस्तरां में एमडी ड्रग्स, कोकीन और चरस की सप्लाई करता था।

जांच में सामने आया कि यासीन हाई प्रोफाइल पार्टियों में युवतियों को फ्री में ड्रग्स देता, और जब वे इसकी आदि हो जातीं, तो उनसे मोटी रकम वसूलता था। 2 अगस्त को भी यासीन भोपाल में एक बड़ी पार्टी करने वाला था, जिसका पोस्टर उसने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने छापा मारकर पूरे रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया।

इस नेटवर्क के तार कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं, और जांच एजेंसियां अब इस पूरे रैकेट के खिलाफ एक विस्तृत एक्शन प्लान पर काम कर रही हैं।

सरकार का संदेश साफ है – नशे का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This