एयर इंडिया के विमान में एक बार फिर तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। रविवार देर रात कोच्चि से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट संख्या AI 504 में उड़ान भरने से पहले ही दिक्कत आ गई। विमान टेकऑफ की तैयारी में था, तभी पायलट ने तकनीकी समस्या महसूस की और तुरंत एटीसी से संपर्क कर उड़ान रोक दी।
एयर इंडिया का बयान
एयरलाइन ने जानकारी दी कि कॉकपिट क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उड़ान न भरने का निर्णय लिया और विमान को वापस बे में ले जाया गया। रखरखाव टीम ने जांच शुरू कर दी है और यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की गई है। इस संबंध में कोचिन एयरपोर्ट को भी सूचित किया गया।
सांसदों का अनुभव
इस फ्लाइट में एर्नाकुलम से कांग्रेस सांसद हिबी ईडन भी सवार थे। उन्होंने दावा किया कि टेकऑफ से पहले ऐसा लगा जैसे विमान रनवे पर फिसल गया हो। बाद में यात्रियों को रात 2:30 बजे दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।
वहीं, राज्यसभा सांसद जेबी मथर ने बताया कि पायलट ने घोषणा की कि विमान यात्रा के लिए सुरक्षित नहीं है और सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया जाएगा।
मिलान-दिल्ली फ्लाइट भी कैंसिल
इससे पहले शनिवार को एयर इंडिया की मिलान-दिल्ली फ्लाइट भी पुशबैक के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण रद्द करनी पड़ी थी। एयरलाइन ने बताया कि टेकऑफ की तैयारी के दौरान रखरखाव संबंधी गड़बड़ी सामने आई थी। साथ ही, क्रू का ड्यूटी टाइम भी पूरा हो गया था, जिससे उड़ान नियमों के मुताबिक असुरक्षित हो गई थी। इस घटना पर एयर इंडिया ने यात्रियों से खेद जताया।






