दीपावली पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से की मुलाकात, सैनिकों के साथ भी मनाया पर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें त्यौहार की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने भी प्रधानमंत्री को दीपावली की बधाई दी।
उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में मुझसे मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।”
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्यौहार आत्म-चिंतन, आत्म-सुधार और जरूरतमंदों की मदद करने का अवसर है। उन्होंने अपील की कि लोग दीपावली को सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्वक और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएं। राष्ट्रपति ने कामना की कि यह दीपोत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
उपराष्ट्रपति से भी मिले पीएम मोदी
दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी भेंट की। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने जानकारी दी कि “उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।” इसके साथ ही उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर त्यौहार की बधाई दी।
सैनिकों के साथ मनाई दिवाली
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी परंपरा को निभाते हुए इस साल भी देश के वीर सैनिकों के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने गोवा और कारवार के तट पर स्थित आईएनएस विक्रांत का दौरा किया और नौसेना कर्मियों के साथ दीपोत्सव मनाया। सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आज मेरे सामने अनंत क्षितिज और आकाश है, और साथ ही अनंत शक्ति का प्रतीक आईएनएस विक्रांत भी। समुद्र की लहरों पर चमकती रोशनी हमारे बहादुर सैनिकों द्वारा जलाए गए दीपों की तरह है।”
पांच दिनों तक चलता है दीपोत्सव
दिवाली का त्योहार पांच दिनों तक मनाया जाता है — धनतेरस से शुरू होकर भाई दूज तक। धनतेरस पर लोग खरीदारी और पूजा करते हैं, छोटी दिवाली के बाद मुख्य दिवाली के दिन लोग लक्ष्मी-गणेश की पूजा कर समृद्धि की कामना करते हैं। चौथा दिन गोवर्धन पूजा के नाम से जाना जाता है, जबकि पांचवां दिन भाई दूज भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक होता है।






