Home » अंतर्राष्ट्रीय » “पुतिन मुझसे पंगा नहीं लेंगे, पहले 2 मिनट में ही समझ आ जाएगा…”: मुलाकात से पहले ट्रंप का बयान

“पुतिन मुझसे पंगा नहीं लेंगे, पहले 2 मिनट में ही समझ आ जाएगा…”: मुलाकात से पहले ट्रंप का बयान

वाशिंगटन: अलास्का में शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने कहा कि मुलाकात के पहले दो मिनट में ही उन्हें अंदाजा हो जाएगा कि कोई समझौता संभव है या नहीं। उन्होंने दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापार की संभावना भी जताई।

व्यापार पर ट्रंप का बयान
व्हाइट हाउस में सोमवार को हुई ब्रीफिंग में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका और रूस के बीच सामान्य व्यापार संभव है, तो उन्होंने कहा, “हां, मुझे लगता है। रूस के पास जमीन का एक बेहद कीमती टुकड़ा है। अगर पुतिन युद्ध छोड़कर व्यापार की राह अपनाएं तो हालात बदल सकते हैं। मेरे एक दोस्त का कहना है कि रूस सख्त इसलिए है क्योंकि वे हमेशा लड़ते रहते हैं।”

युद्ध विराम की उम्मीद
ट्रंप ने कहा, “हम पुतिन से मिलने जा रहे हैं और बैठक के पहले दो मिनट में ही मुझे साफ हो जाएगा कि कोई डील हो सकती है या नहीं। मैं चाहता हूं कि रूस-यूक्रेन युद्ध में युद्धविराम हो और दोनों पक्षों के लिए सबसे बेहतर समझौता सामने आए।”

रूस की अर्थव्यवस्था पर चोट
ट्रंप ने दावा किया कि रूसी तेल पर भारत सहित कई देशों पर लगाए गए अमेरिकी शुल्क से पहले से ही कमजोर चल रही मॉस्को की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने भारत को रूस का “सबसे बड़ा या दूसरा सबसे बड़ा तेल खरीदार” बताया और कहा, “अमेरिकी शुल्क और वैश्विक दबावों ने रूस की अर्थव्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। रूस को अपने देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। यह विशाल देश है और इसमें अच्छा प्रदर्शन करने की अपार क्षमता है, लेकिन फिलहाल उसकी अर्थव्यवस्था ठीक स्थिति में नहीं है।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This