Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » प्रयागराज में बवाल: सांसद चंद्रशेखर को रोके जाने पर भड़के लोग, पुलिस पर पथराव और कई गाड़ियों में आग

प्रयागराज में बवाल: सांसद चंद्रशेखर को रोके जाने पर भड़के लोग, पुलिस पर पथराव और कई गाड़ियों में आग

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार को भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को रोके जाने के बाद हिंसा भड़क उठी। चंद्रशेखर के समर्थकों ने करीब दो घंटे तक सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। उग्र भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया, डायल 112 की गाड़ी को पलट दिया और कई बाइकों में आग लगा दी। इसके अलावा रोडवेज बसों में भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आज़ाद कौशाम्बी जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रयागराज में ही रोक लिया। इस पर नाराज़ भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने करछना इलाके में जमकर हंगामा किया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

कैसे हुआ पूरा हमला?
प्रयागराज के करछना क्षेत्र में सोमवार को दो घंटे तक अफरा-तफरी और हिंसा का माहौल रहा। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद के समर्थकों ने पुलिस के वाहनों पर हमला कर दिया। चंद्रशेखर प्रयागराज से कौशांबी जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके बाद समर्थक भड़क उठे और जमकर हिंसा की। उपद्रवियों ने सरकारी और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया। करछना के भड़ेवरा बाजार में उपद्रवियों ने आम लोगों पर भी ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। मौके पर खड़ी पुलिस और आम नागरिकों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई, बसों और अन्य निजी वाहनों को भी निशाना बनाया गया।

हिंसा के दौरान पुलिस की स्थिति
करीब 3:30 बजे जब भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू की, तो करछना के भड़ेवरा बाजार में भगदड़ मच गई। भीड़ के उग्र तेवर देखकर सबसे पहले डायल 112 की टीम, फिर भुंडा चौकी और करछना थाने के पुलिसकर्मी पीछे हट गए। इसके बाद उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ एडिशनल सीपी अपराध, डॉ. अजयपाल शर्मा करीब 5:30 बजे मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया।

अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की है?
प्रयागराज हिंसा मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक भीम आर्मी के 20 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। हिंसा में शामिल आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) और गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही, हिंसा के दौरान सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान की भरपाई भी आरोपियों से वसूली जाएगी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This