देशभर में आज रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर देश के शीर्ष नेता भी त्योहार के रंग में रंगे नजर आए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में विभिन्न स्कूलों और संगठनों के बच्चों के साथ राखी का त्योहार मनाया। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा की गई तस्वीरों में वे बच्चों के साथ हंसी-खुशी राखी बंधवाते और बातचीत करते नजर आ रही हैं। पोस्ट में लिखा गया – “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में विभिन्न स्कूलों और संगठनों के बच्चों और छात्रों के साथ रक्षा बंधन मनाया।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बच्चों संग रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही स्नेह से मनाया। उनके आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए गए वीडियो में पीएम मोदी बच्चों से राखी बंधवाते और उनसे बातें करते दिख रहे हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा – “आज रक्षाबंधन के एक बेहद खास उत्सव की कुछ झलकियां यहां प्रस्तुत हैं। हमारी नारी शक्ति के निरंतर विश्वास और स्नेह के लिए उनका आभार।”
इसी क्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी 7 अगस्त को महिलाओं से राखी बंधवाते हुए अपनी तस्वीरें साझा की थीं।
बिहार में भी नेताओं ने रक्षाबंधन की खुशियां बांटीं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी बहनों के साथ राखी बंधवाते हुए तस्वीरें पोस्ट कीं और लिखा – “भाई-बहन के अनूठे स्नेह, पवित्र प्रेम और अटूट संबंध का प्रतीक रक्षाबंधन की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”
वहीं, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी शनिवार को रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने बताया कि उनकी मौसेरी बहन, डॉक्टर पिंकी कुमारी, पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर आईं और उन्हें राखी बांधी। पोस्ट में उन्होंने बहन को धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।





