बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जनता के लिए बड़े ऐलान कर रहे हैं। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी कड़ी में गुरुवार को सीएम नीतीश ने युवाओं को लेकर एक अहम घोषणा की है। उन्होंने राज्य के बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1000 रुपये भत्ता देने का ऐलान किया है।
5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार का लक्ष्य
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही युवाओं को नौकरी और रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर नए अवसर सृजित किए जाएंगे और युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे बेहतर तरीके से रोजगार हासिल कर सकें।
इन युवाओं को मिलेगा 1000 रुपये महीना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय कार्यक्रम के तहत पहले से चल रही मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब कला, विज्ञान और वाणिज्य में स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
-
20 से 25 वर्ष की आयु वाले स्नातक पास युवक-युवतियां
-
जो आगे पढ़ाई नहीं कर रहे हैं
-
नौकरी/रोजगार की तैयारी कर रहे हैं
-
जिनके पास न तो स्वरोजगार है और न ही सरकारी/निजी नौकरी
ऐसे युवाओं को अधिकतम दो वर्षों तक हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जाएगी। नीतीश कुमार का कहना है कि यह राशि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल प्रशिक्षण में मदद करेगी।
योजना का उद्देश्य
सीएम नीतीश ने कहा कि इस पहल का मकसद राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर और दक्ष बनाना है। इसके जरिए शिक्षित युवा रोजगारोन्मुखी बनकर न सिर्फ अपना भविष्य सुरक्षित करेंगे बल्कि राज्य और देश के विकास में भी योगदान देंगे।






