Home » देश » अमित शाह ने नक्सल विरोधी ऑपरेशंस से जुड़े अधिकारियों से की मुलाकात, दिया यह संदेश

अमित शाह ने नक्सल विरोधी ऑपरेशंस से जुड़े अधिकारियों से की मुलाकात, दिया यह संदेश

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने वाले अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि हाल ही में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।

अमित शाह जल्द करेंगे छत्तीसगढ़ दौरा, नक्सल ऑपरेशंस में शामिल जवानों से करेंगे मुलाकात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों को अपनी बहादुरी और समर्पण से सफल बनाने वाले जवानों से मिलने के लिए वे उत्सुक हैं और जल्द ही छत्तीसगढ़ जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि मोदी सरकार देश को नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नक्सलियों के खिलाफ जारी है सुरक्षाबलों का सख्त अभियान

झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इनमें सबसे अधिक कार्रवाई छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रही है, जहां नक्सली मारे भी जा रहे हैं और कई ने आत्मसमर्पण भी किया है।

ताजा मामले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सरेंडर करने वालों में दो नक्सलियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की पहचान जुगलू उर्फ सुंडुम कोवासी (23), दशा उर्फ बुरकू पोड़ियाम (26), भोजा राम माड़वी (48), लखमा उर्फ सुती (26), रातू उर्फ ओठे कोवासी (25), सुखराम पोड़ियाम (25) और पण्डरू राम पोड़ियाम (45) के रूप में हुई है। इनमें जुगलू और दशा ऐसे नक्सली हैं जिन पर इनाम घोषित था। सुरक्षाबलों ने इसे बड़ी सफलता बताया है।

नक्सल विरोधी अभियानों में वीरता दिखाने वाले 295 पुलिसकर्मियों को मिली समयपूर्व पदोन्नति

छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में नक्सल विरोधी अभियानों में बहादुरी और साहस का प्रदर्शन करने वाले 295 पुलिसकर्मियों को क्रम से पूर्व (समयपूर्व) पदोन्नति प्रदान की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस फैसले की जानकारी दी।

राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर पदोन्नति आदेश की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शौर्य, साहस और समर्पण के साथ कार्य कर रहे छत्तीसगढ़ पुलिस बल के 295 जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति मिलने पर हार्दिक बधाई।” यह कदम जवानों के हौसले को बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This