MP पॉलिटिक्स: पचमढ़ी में बीजेपी का प्रशिक्षण वर्ग शुरू, अमित शाह ने दी नसीहत – “बयानबाजी में सावधानी बरतें, हमेशा बने रहें विद्यार्थी”
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार से पचमढ़ी में शुरू हो गया है, जिसका समापन 16 जून को होगा। पहले दिन के पहले सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए और पार्टी नेताओं को दिशा-निर्देश दिए।
अमित शाह ने अपने संबोधन में साफ तौर पर कहा कि पार्टी नेताओं को विवादित और गैर-जिम्मेदाराना बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा,
“गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन उसकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। व्यक्ति चाहे जितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, उसे हमेशा एक विद्यार्थी बने रहना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की कार्यप्रणाली और विचारधारा को सही ढंग से समझकर कार्य करना चाहिए, क्योंकि एक नेता का आचरण पार्टी की छवि को प्रभावित करता है।
प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री विजय शाह के पुराने बयान का भी जिक्र हुआ, जिस पर चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री करण वर्मा ने कहा,
“गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन उसे दोहराना नहीं चाहिए।”
अमित शाह ने बीजेपी के अब तक के राजनीतिक सफर पर भी प्रकाश डाला और पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए निरंतर सीखते रहने की सलाह दी।



