राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, राजा की हत्या में एक नहीं बल्कि दो हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। हत्या ‘डाव’ नामक बड़े आकार के चाकू से की गई, जो आमतौर पर पूर्वोत्तर भारत में इस्तेमाल होता है।
गौरतलब है कि इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई को मेघालय में उनके हनीमून के दौरान की गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी और तीन भाड़े के हत्यारों को हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सूत्रों का खुलासा: खाई में फेंका गया दूसरा डाव, सोनम ने नष्ट किया अपना फोन
राजा रघुवंशी हत्याकांड में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किए गए दो ‘डाव’ में से एक अब भी बरामद नहीं हो पाया है। आशंका है कि जिस खाई में राजा का शव फेंका गया था, वहीं दूसरा डाव भी फेंका गया है। इसके अलावा, पुलिस को अब तक राजा की पत्नी सोनम का मोबाइल फोन नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक, सोनम ने अपना फोन जानबूझकर नष्ट कर दिया।
राजा पर हुए तीन वार, सोनम ने ऐसे दिया हत्या का इशारा
सूत्र बताते हैं कि राजा रघुवंशी पर कुल तीन बार वार किया गया, और तीनों भाड़े के हत्यारों ने एक-एक वार किया। सोनम ने पार्किंग में ही किलर्स को हत्या का इशारा कर दिया था। पहले वार के बाद जब राजा लहूलुहान हो गया, तो सोनम चीखते हुए पीछे हट गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर राजा के शव को खाई में फेंक दिया।
क्या सिर्फ लव ट्रायंगल है वजह?
हालांकि प्रारंभिक जांच में लव ट्रायंगल को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और केस से जुड़े हर सुराग की गहराई से पड़ताल की जा रही है।



