माले: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस वर्ष मालदीव अपनी स्वतंत्रता की हीरक जयंती (डायमंड जुबली) मना रहा है। इस खास अवसर पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने प्रधानमंत्री मोदी को समारोह का मुख्य अतिथि बनाकर आमंत्रित किया, जो भारत-मालदीव संबंधों की मजबूती का प्रतीक है।
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी मालदीव को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“मालदीव को उसकी आज़ादी की हीरक जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएं। माले में स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला। हम भारत और मालदीव के बीच 60 वर्षों के राजनयिक संबंधों का जश्न मना रहे हैं और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, समृद्धि व स्थिरता के लिए अपनी साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प दोहराते हैं।”
मालदीव के उपराष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव के उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने साझा किया संदेश
पीएम मोदी ने एक्स पर अपने संदेश में लिखा,
“मालदीव के उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ से एक सकारात्मक और उपयोगी मुलाकात हुई। बातचीत भारत-मालदीव मित्रता के प्रमुख क्षेत्रों—जैसे बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा आदि—पर केंद्रित रही। यह सहयोग दोनों देशों के नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी है। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में यह साझेदारी और गहराई पाएगी।”



