जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस आज से पटरी पर, 6 घंटे 35 मिनट में तय करेगी 441 किमी का सफर – जानें रूट, टाइम टेबल और किराया
पूर्वी भारत को आज एक और सेमी हाईस्पीड ट्रेन का तोहफ़ा मिला है। जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को शुक्रवार, 16 अगस्त को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन दरअसल भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार है, जिसका नियमित संचालन 17 अगस्त से शुरू होगा। यह नई ट्रेन 441 किलोमीटर की दूरी मात्र 6 घंटे 35 मिनट में पूरी करेगी और इस रूट की सबसे तेज़ ट्रेन होगी।
रूट और ठहराव
जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22310/22309) सप्ताह में छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन आठ स्टेशनों पर रुकेगी –
भागलपुर, बराहाट, मंदर हिल, हंसडीहा, नोनियात, दुमका, रामपुरहाट और बोलपुर शांतिनिकेतन।
टाइम टेबल
-
22310 जमालपुर–हावड़ा वंदे भारत: जमालपुर से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और रात 10:05 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
-
22309 हावड़ा–जमालपुर वंदे भारत: हावड़ा से सुबह 7:45 बजे चलेगी और दोपहर 2:15 बजे जमालपुर पहुंचेगी।
कोच और क्षमता
इस ट्रेन में कुल 8 कोच होंगे – 1 एग्जिक्युटिव चेयर कार (EC) और 7 चेयर कार (CC)। इसमें कुल 590 यात्री सफर कर सकेंगे, जिनमें से 44 यात्री EC में और 546 यात्री CC में यात्रा कर पाएंगे।
किराया और टिकट बुकिंग
-
चेयर कार (CC) – ₹1290
-
एग्जिक्युटिव चेयर कार (EC) – ₹2335
टिकट की बुकिंग IRCTC वेबसाइट, मोबाइल ऐप और PRS काउंटर से पहले ही शुरू हो चुकी है।






