दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने थप्पड़ मारे और उनके बाल खींचे। घटना के बाद पूरे राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। विपक्षी दलों ने जहां इस हमले की निंदा की, वहीं भाजपा पर भी निशाना साधा।
कांग्रेस का हमला
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं। इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल भी है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाएं कैसे सुरक्षित रहेंगी?”
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बयान दिया, “राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है। लेकिन भाजपा हिंसा की जननी है। जिसकी भी गलती है, जांच होनी चाहिए। जब अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ था तो भाजपा कहती थी कि उन्होंने खुद हमला करवाया। अब वही सवाल भाजपा पर खड़ा होता है। हालांकि मैं इस हमले की निंदा करता हूं और चाहता हूं कि दोषी पर कार्रवाई हो।”
शिवसेना (यूबीटी) का बयान
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “दिल्ली में पहले भी सीएम पर हमले हुए हैं। उस समय भाजपा ने उसका जश्न मनाया था। आज राजधानी के सीएम पर ही हमला हो रहा है। यह कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौती है और गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना चाहिए क्योंकि दिल्ली पुलिस उनके अधीन है। अगर मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो दिल्लीवासी कैसे सुरक्षित होंगे?”
आप नेताओं की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा, “यह हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति की जगह होती है, लेकिन हिंसा की नहीं। दिल्ली पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
वहीं, पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा, “लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। मुझे विश्वास है कि पुलिस उचित कदम उठाएगी।”
पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने हमलावर को मौके से गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने ले जाया। घटना की चश्मदीद अंजलि ने बताया, “वह व्यक्ति बोल रहा था और अचानक थप्पड़ मार दिया। पुलिस तुरंत उसे पकड़कर ले गई।”
भाजपा नेताओं का बयान
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा, “यह बेहद गंभीर मामला है। हो सकता है किसी संगठन या पार्टी ने मुख्यमंत्री को डराने के लिए ऐसा करवाया हो। लेकिन रेखा गुप्ता डरकर पीछे हटने वाली नहीं हैं।”
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, “यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मुझे भरोसा है कि रेखा गुप्ता जी दिल्ली के लोगों के लिए काम करती रहेंगी।”
वहीं, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया, “यह विपक्ष की साजिश है, क्योंकि उन्हें पता है कि मुख्यमंत्री दिल्ली की भलाई के लिए काम कर रही हैं।”



