एयर इंडिया ने शुक्रवार को रद्द की 8 फ्लाइट्स, रखरखाव और संचालन कारणों का हवाला
एयर इंडिया ने शुक्रवार को कुल 8 उड़ानों को रद्द कर दिया है। एयरलाइन ने बयान में बताया कि यह फैसला रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, रद्द की गई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में दुबई से चेन्नई जाने वाली AI906, दिल्ली से मेलबर्न की AI308 और मेलबर्न से दिल्ली लौटने वाली AI309 शामिल हैं। वहीं दुबई से हैदराबाद जाने वाली AI2204 भी रद्द की गई है।
घरेलू उड़ानों में पुणे से दिल्ली की AI874, अहमदाबाद से दिल्ली की AI456, हैदराबाद से मुंबई की AI2872 और चेन्नई से मुंबई की AI571 को भी रद्द किया गया है। माना जा रहा है कि हाल ही में अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की घटना के मद्देनज़र एयर इंडिया अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है और विमानों की गहन समीक्षा कर रही है।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था में जुटी एयर इंडिया
एयर इंडिया ने कहा है कि रद्द की गई फ्लाइट्स से प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए उसकी ग्राउंड टीम वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर रही है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने या मानार्थ री-शेड्यूलिंग के विकल्प के साथ पूर्ण रिफंड की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।





