Home » राजनीति » “PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी से नाराज़ CM योगी, बोले- ‘राजनीतिक मर्यादा का हो रहा पतन'”

“PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी से नाराज़ CM योगी, बोले- ‘राजनीतिक मर्यादा का हो रहा पतन'”

बिहार में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा पर बवाल, PM मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी से भड़के योगी और धर्मेंद्र प्रधान

बिहार के दरभंगा जिले में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इस घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा।

क्या बोले सीएम योगी?

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़े शब्दों में कहा, “कांग्रेस और आरजेडी के मंच से आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रयुक्त अभद्र भाषा अत्यंत निंदनीय है और यह राजनीतिक मर्यादा का पतन दर्शाता है। INDI गठबंधन के नेताओं का यह कृत्य केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है।”

योगी ने आगे कहा, “याद रखिए, एक साधारण मां ने अपने संघर्ष और संस्कार से ऐसे पुत्र को गढ़ा जिसने खुद को राष्ट्रसेवा में समर्पित किया। आज वे विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में जन-जन के हृदय में बसते हैं। बिहार की जनता निश्चित रूप से इस घृणित राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और भारतीय संस्कृति व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगी।”

धर्मेंद्र प्रधान का भी हमला

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह भाषा राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पूरे ‘इंडी’ गठबंधन की प्रधानमंत्री मोदी के प्रति गहरी नफरत को दर्शाती है। राजद-कांग्रेस के चुनावी मंच से आई यह टिप्पणी केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर के उन सभी भारतीयों का अपमान है जो अपनी मां को भगवान के समान मानते हैं।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This