बिहार में SIR (Special Revision of Voter List) को लेकर छिड़ी सियासी जंग अब पूरी तरह दिल्ली पहुंच गई है। वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे पर मचा राजनीतिक घमासान आज सड़कों पर उतरने वाला है। आज सुबह राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया ब्लॉक के विपक्षी सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग तक प्रोटेस्ट मार्च निकालेंगे। इस मार्च में लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 सांसद शामिल होंगे।
खरगे, अखिलेश और अभिषेक बनर्जी भी मार्च में
विपक्ष के इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी समेत आरजेडी, डीएमके, वाम दल और 25 से ज्यादा पार्टियों के सांसद शामिल होंगे।
संसद से चुनाव आयोग तक रूट
कांग्रेस नेता दानिश अली के मुताबिक, मार्च सुबह साढ़े 11 बजे संसद भवन के मकर द्वार से शुरू होगा और परिवहन भवन होते हुए चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाएगा।
बीजेपी का पलटवार
मार्च को लेकर बीजेपी ने विपक्ष पर हमला बोला है। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी सियासी स्टंट कर रहे हैं और बिहार के लोगों का हक बांग्लादेशियों को देना चाहते हैं।
दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस प्रदर्शन के लिए किसी तरह की परमिशन नहीं ली गई है। ऐसे में देखना होगा कि विपक्षी सांसद बिना अनुमति के यह मार्च निकाल पाते हैं या नहीं।
SIR पर अखिलेश का राहुल को समर्थन
SIR के मुद्दे पर राहुल गांधी को सबसे बड़ा समर्थन सपा प्रमुख अखिलेश यादव का मिला है। माना जा रहा है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर सपा अभी से सतर्क है।
चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप
इंडिया ब्लॉक का आरोप है कि बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन के बहाने चुनाव आयोग ‘वोट चोरी’ कर रहा है। वहीं बीजेपी और एनडीए के सहयोगी दल इस मामले में चुनाव आयोग के पक्ष में खड़े हैं।





